Hamirpur, Arvind-:जिले में बन रहे धौलासिद्ध प्रोजेक्ट के डैम की जद में आने वाले बिजली बोर्ड के बुनियादी ढांचे को सुरक्षित करने के लिए बोर्ड ने 5 करोड़ 39 लाख रुपए का प्रस्ताव परियोजना प्रबंधन को भेजा है। प्रस्ताव मंजूर होने और राशि मिलने के बाद बिजली बोर्ड अपनी लाइनें और डीटीआर को डैम के पानी से सुरक्षित दूसरी जगह शिफ्ट करेगा।
धौलासिद्ध प्रोजेक्ट एसजेवीएनएल के माध्यम से ग्राम पंचायत जीहण में ब्यास नदी पर चल रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत बड़े स्तर का डैम बनाया जा रहा है। टनल के माध्यम से जल निकासी की व्यवस्था की गई है, लेकिन भविष्य में जब डैम का जलस्तर बढ़ेगा तो 33 केवी और 11 केवी की बिजली लाइनें, एलटी लाइनें और करीब 20 डीटीआर डैम की चपेट में आ जाएंगी।
बिजली बोर्ड ने इस समस्या का समाधान निकालने के लिए लाइनों और डीटीआर को दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना तैयार की है। इसके लिए एसजेवीएनएल से आवश्यक बजट मांगा गया है। प्रस्ताव के अनुसार कुल 5 करोड़ 39 लाख रुपए की राशि फर्म को भेजी जाएगी, जिसके बाद निर्माण और शिफ्टिंग का कार्य शुरू किया जाएगा।
बिजली बोर्ड हमीरपुर के अधीक्षण अभियंता ई. आशीष कपूर ने बताया कि प्रस्ताव में डैम के जलस्तर से बचाने के लिए पूरी प्रक्रिया का विवरण शामिल है। उन्होंने कहा कि राशि मिलने के बाद बोर्ड अपनी संपत्ति को डैम से सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करेगा। यह कदम बिजली आपूर्ति को लगातार बनाए रखने और डैम निर्माण से प्रभावित ढांचे को नुकसान से बचाने के लिए जरूरी है।प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि डैम का जलस्तर बढ़ने पर यदि बिजली लाइनों और डीटीआर को शिफ्ट नहीं किया गया, तो इससे बोर्ड के करोड़ों रुपए के निवेश को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में यह योजना समय रहते पूरी कर ली जाएगी ताकि भविष्य में किसी प्रकार की बिजली कटौती या दुर्घटना की स्थिति न उत्पन्न हो।इस योजना के लागू होने से धौलासिद्ध डैम क्षेत्र में बिजली आपूर्ति स्थिर रहेगी और परियोजना निर्माण के दौरान कोई व्यवधान नहीं आएगा।
Chandrika
