मंडी :धर्मवीर (TSN)- डीए व एरियर का इंतजार कर रहे प्रदेश के कर्मचारी व पेंशनरों को निराशा मिली है। पूर्ण राजत्व दिवस पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र को कई बड़ी सौगातें तो दी,लेकिन डीए का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को निराश कर दिया।
पूर्ण राजत्व दिवस पर धर्मपुर को मिली कई सौगातें,प्रदेश के लिए कोई बड़ी घोषणा नहीं
प्रदेश के कर्मचारियों को आस थी कि सीएम मंडी जिला के धर्मपुर से बकाया डीए और एरियर की किस्त का ऐलान करेंगे। इस बारे में सीएम ने पहले भी कहा था कि कर्मचारियों के बकाया डीए को लेकर वे कुछ ना कुछ प्रयास करेंगे। वहीं पेंशनर्स को उम्मीद थी कि सीएम उनका लंबित महंगाई भत्ता भी जारी करेंगे। लेकिन इन दोनों वर्गों को पूर्ण राज्यत्व दिवस पर निराश होना पड़ा है। वहीं सीएम अपने संबोधन में प्रदेश के लिए कोई बड़ी घोषणा भी नहीं कर पाए। उन्होंने धर्मपुर की लंबे समय की मांग पर यहां पर डीएसपी ऑफिस दिया है। वहीं, संधोल व धर्मपुर को नगर पंचायत बनाने की भी घोषणा की है। इसके अलावा मिनी सचिवालय के लिए संधोल और धर्मपुर को डेढ़ डेढ़ करोड़ की राशि दी है। उन्होंने नागरिक अस्पतालों धर्मपुर और टीहरा को भी 50 -50 लाख रुपए की घोषणा की है। सरकाघाट कॉलेज में एमएससी जूलॉजी की घोषणा की गई है। इसके अलावा बाबा कमलाहिया मंदिर सौंदरीकरण के लिये तीन करोड़ देने की घोषणा, धर्मपुर क्षेत्र के लिए करोड़ो की घोषणाएं की हैं। बता दें कि इस बार हिमाचल का पूर्ण राजत्व दिवस मंडी जिला के धर्मपुर में आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तिरंगा फहराकर भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।
