राकेश,ऊना: प्रदेश के कर्मचारियों की लंबे समयसे चली आ रही ओल्ड पेंशन स्कीम को बहाल करने की मांग को कांग्रेस सरकार ने पूरा किया हैं। सरकार की ओर से सत्ता में आने के बाद अपनी सबसे पहली गारंटी के रूप में ओपीएस को बहाल किया गया हैं,लेकिन प्रदेश के विद्युत विभाग के कर्मचारी अपने विभाग में ओल्ड पेंशन स्कीम के लागू नहीं किए जाने को लेकर खासे नाराज हैं। उनकी यह नाराजगी अब कुछ इस कदर बढ़ गई कि विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने प्रदेश बिजली बोर्ड के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया हैं ।
कर्मचारियों ने गुरुवार को ऊना में एकत्र होकर बिजली बोर्ड के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि इन कर्मचारियों ने अपने इस विरोध प्रदर्शन को फिलहाल सांकेतिक रूप में विद्युत विभाग के कार्यालय में ही किया। इन कर्मचारियों ने ओल्ड पेंशन स्कीम लागू किए जाने और विद्युत बोर्ड का निजीकरण नहीं किए जाने संबंधी मांग भी उठाई। विद्युत विद्युत विभाग के कर्मचारियों का आरोप है कि ओल्ड पेंशन स्कीम लागू किए जाने को लेकर पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है और उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा हैं।
उन्होंने बिजली बोर्ड के एमडी को भी रेगुलर किए जाने की गुहार लगाई हैं। उन्होंने कहा कि मुनाफे में जाने वाला बिजली बोर्ड अब घाटे में जा रहा हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस मामले में जल्द से जल्द कदम उठाए जाने की गुहार लगाई हैं। बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के साथ-सथ पेंशनर महासंघ भी इस धरने में शामिल रहा।
