देवेंद्र, नाहन: ऐतिहासिक सैरगाह विलाराउंड में प्रतिबंध के बाद भी वाहनों की पार्किंग अभी भी लगातार हो रही हैं। यहां अदालत के आदेशों के बाद वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया हैं बावजूद इसके रोजाना यहां अवैध पार्किंग बढ़ती जा रही हैं। इस अवैध पार्किंग से यहां सैर पर आने वाले बुजुर्ग खासे परेशान हैं। यही वजह हैं कि यहां सैर के लिए आने वाले लोगों व खासकर बुजुर्गों में रोष पनपा हैं। यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि नगर परिषद व पुलिस विभाग शिकायत के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं करते हैं, जिसके चलते यहां अवैध पार्किंग करने वाले लोगों के हौसलें बुलंद हैं।
एक ओर जहां अवैध पार्किंग से बुजुर्ग यहां परेशान हैं तो वहीं यहां प्रेमी जोड़ों की ओर से फैलाई जा रही अश्लीलता से भी सैर को आने वाले बुजुर्ग परेशानी झेल रहे हैं। विला राउंड सैरगाह में आए स्थानीय बुजुर्गों ने बताया कि लगातार अदालत के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए सैरगाह में अवैध पार्किंग की जा रही हैं। नगर परिषद व पुलिस विभाग को कई मर्तबा सूचित करने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती, जिसके चलते यहां सैर को आने वाले लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं तो वहीं पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा यहां रोजाना सुबह से लेकर रात तक प्रेमी जोड़ों का आवागमन लगा रहता है जिसके चलते यहां सैर करने आने वाले महिलाओं व बुजुर्गों को शर्मिंदा होना पड़ता हैं। उन्होंने मांग की है कि यहां रोजाना पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि ऐसे लोगों पर शिकंजा कसा जा सके।
वहीं नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय तोमर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सैरगाह विला राउंड में अवैध पार्किंग की जा रही हैं। इस बाबत पुलिस विभाग को सूचित कर दिया गया। जल्द ही यहां पर पार्क किए जाने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
