Mandi, Dharamveer (TSN)-स्वर्गीय विमल नेगी की रहस्यमयी मृत्यु की सीबीआई जांच को लेकर प्रदेश सरकार की गंभीरता पर सवाल उठते जा रहे हैं। हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद, सरकार अब तक जांच से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) को नहीं सौंप पाई है। इससे आहत होकर स्व. नेगी की पत्नी किरण नेगी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और गृहमंत्री को पत्र लिखकर रिकॉर्ड जल्द सीबीआई को सौंपने की मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार की कार्यशैली पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह मामले को दबाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि सीएम बार-बार झूठे बयान देकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। किरण नेगी के पत्र ने एक बार फिर सरकार की नीयत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सीबीआई ने दिल्ली में इस मामले में FIR दर्ज कर ली है, लेकिन प्रदेश सरकार जांच में सहयोग देने को तैयार नहीं दिख रही है। इससे न्याय की प्रक्रिया बाधित हो रही है। सरकार को तुरंत रिकॉर्ड सौंपकर जांच की राह खोलनी चाहिए।”
उन्होंने गृह सचिव द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि रिपोर्ट में साफ उल्लेख है कि विमल नेगी पर भारी मानसिक दबाव था। एक पावर प्रोजेक्ट से जुड़े मुद्दे को लेकर उन्हें लगातार प्रताड़ित किया गया, जिसकी विस्तृत जांच भी जरूरी है।
