चिंतपूर्णी, विकास -:श्री चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को मौसम की खराबी के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से हो रही रिमझिम बारिश और तापमान में गिरावट भी भक्तों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। माता के दर्शन के लिए दूर-दूर से आए श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े नजर आए, जो ओल्ड बस स्टैंड तक पहुंच गईं। भक्त लगातार जयकारे लगाते हुए धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
मंदिर परिसर पूरे दिन श्रद्धालुओं से भरा रहा, लेकिन दूसरी ओर लगातार बारिश ने स्थानीय व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। बारिश के चलते अधिकतर श्रद्धालु सीधे कतारों में लगे रहे और बाजार की ओर कम रुख किया, जिससे दुकानों में ग्राहकों की कमी साफ देखने को मिली। व्यापारियों का कहना है कि रविवार जैसे व्यस्त दिन पर भी बिक्री प्रभावित रही, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।इस दौरान सुगम दर्शन प्रणाली का उपयोग करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी कमी दर्ज की गई। अधिकांश लोगों ने पास लेने के बजाय सामान्य कतार के माध्यम से ही दर्शन करना उचित समझा, जिससे लाइनों की लंबाई और बढ़ गई।व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर के अनुसार, भीड़ और मौसम को ध्यान में रखते हुए पहले से ही व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और सेवादार तैनात किए गए थे। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद दर्शन प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के जारी रहे और सभी भक्तों को सुरक्षित तरीके से दर्शन करने का अवसर मिल सके।
TAGGED:
Chintpurni temple
Chandrika
