31 July, 2025-नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में मक्की की फसल पर फॉल आर्मी वॉर्म कीट ने हमला बोल दिया है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। मौसम की अनिश्चितता के चलते पहले ही किसान समय पर बिजाई नहीं कर पाए थे, और अब तैयार होती फसल पर यह सूंड़ी कीट कहर बनकर टूटा है।इस गंभीर स्थिति को देखते हुए कृषि विभाग नूरपुर की टीम गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक कर रही है। विभाग की ओर से शिविरों के माध्यम से फॉल आर्मी वॉर्म से बचाव के लिए जैविक व रासायनिक उपायों की जानकारी दी जा रही है।
कृषि विषय विशेषज्ञ डॉ. शैलेश पाल सूद ने बताया कि यह कीट मक्की की पत्तियों को खाकर फसल को पूरी तरह बर्बाद कर देता है। मादा कीट पत्तों के पीछे अंडे देती है, जो बाद में फैलकर बड़ी संख्या में फसल को नुकसान पहुंचाते हैं। बचाव के लिए किसान नीम अर्क का छिड़काव कर सकते हैं, जिसकी मात्रा पाँच मिलीलीटर प्रति लीटर पानी में मिलाकर प्रयोग करनी होती है। यदि कीट दोबारा दिखें तो कुछ दिन बाद दोबारा छिड़काव आवश्यक है।
जैविक किसान रोजी जमवाल ने बताया कि उन्होंने कृषि विभाग की सलाह के अनुसार नीम अर्क का प्रयोग किया, जिससे उनकी फसल को कम नुकसान हुआ। उन्होंने अन्य किसानों से भी अपील की कि वे देसी गोबर खाद का उपयोग करें और विभाग द्वारा बताए गए सुझावों को ज़रूर अपनाएं।कृषि विभाग का यह प्रयास किसानों को समय रहते जानकारी देकर फसल की रक्षा करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
