Shimla, 12 May ( TSN)- नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर किसानों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुक्खू सरकार ने अपने चुनावी वादों को पूरी तरह दरकिनार कर दिया है। उन्होंने कहा कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा कर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार अब किसानों को बिजली के बिलों से झटका दे रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा, “बिजली के बढ़े हुए बिलों से प्रदेश के किसान बुरी तरह परेशान हैं। सिंचाई के लिए उपयोग होने वाले बिजली कनेक्शन के बिलों में पाँच से छह गुना तक वृद्धि की गई है, जो न सिर्फ़ चौंकाने वाली है बल्कि गरीब किसानों के साथ अन्याय भी है।” उन्होंने सरकार से मांग की कि बिजली दरों में की गई यह अप्रत्याशित वृद्धि तुरंत वापस ली जाए और किसानों को राहत दी जाए।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार ‘वेलफेयर स्टेट’ के सिद्धांतों से भटक गई है। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ़ टैक्स और शुल्क थोपने में लगी है — चाहे वो बस किराया हो, आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरियों का मामला हो या फिर हिम केयर जैसी योजनाओं में कटौती।जयराम ठाकुर ने कहा कि किसानों, युवाओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों को इस तरह झटका देना लोकतांत्रिक और मानवीय सोच के विपरीत है। सरकार को चाहिए कि वह जनहित में अपने फैसलों पर पुनर्विचार करे.
