मंडी,धर्मवीर(TSN)-मंडी जिला के दूसरे सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान जोनल अस्पातल मंडी के एक्स-रे यूनटि में उस समय हडकंप मच गया, जब एक्स-रे यूनिट की मशीन का एक हिस्सा अचानक एक्स-रे कर रही महिला कर्मचारी पर आ गिरा। गनीमत रही कि महिला कर्मचारी को ज्यादा चोट नहीं आई क्योंकि जो हिस्सा गिरा है, वो इतना भारी भरकम है कि उसे उठाने के लिए कई लोगों को अपनी ताकत का इस्तेमाल करना पड़ा। हादसा सुबह 11 बजे का बताया जा रहा है।
एक्स-रे कर रही थी महिला कर्मचारी,अचानक ही गिर गई सारी मशीन
मिली जानकारी के अनुसार यहां रेडियोग्राफर के पद पर तैनात महिला कर्मचारी एक्स-रे कर रही थी।उसी दौरान एक्स-रे मशीन का एक हिस्सा दीवार पर से अपनी पकड़ खोकर महिला कर्मचारी पर आ गिरा। महिला कर्मचारी इसके नीचे दब गई। मौके पर मौजूद लोगों ने महिला कर्मचारी को कड़ी मशक्कत से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर महिला पूरी तरह से इस मशीन की जद में आ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।जोनल हास्पिटल मंडी के एमएस डा. डीएस वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है।उन्होंने बताया कि महिला रेडियोग्राफर को आंशिक चोटें आई हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। मशीन के टूटने की जानकारी चंडीगढ़ स्थित कंपनी को दे दी गई है और वहां से टेक्निशियन आने के बाद ही इसे ठीक किया जाएगा।यह कार्य सोमवार के बाद ही हो पाएगा। अभी यूनिट में सामान्य एक्स-रे बंद कर दिए गए हैं जबकि इमरजेंसी के लिए मोबाइल यूनिट का सहारा लिया जा रहा है।उन्होंने बताया कि यहां पहले से मौजूद एक अन्य मशीन भी खराब चल रही है जिसकी मरम्मत के लिए भी कंपनी प्रबंधन को लिखा गया है।
जोनल हास्पिटल में पूरी तरह से बंद हुई एक्स-रे सुविधा :
बता दें कि जोनल हॉस्पिटल मंडी की इकलौती एक्स-रे मशीन के टूट जाने के बाद अब यहां पर एक्स-रे की सुविधा पूरी तरह से बंद हो गई है।एक्स-रे यूनिट में दो मशीनें लगाई गई हैं जिनमें से एक पहले से ही खराब चल रही थी।दूसरी अब हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हो गई है।उधर,अस्पताल में रेडक्रास सोसायटी द्वारा स्थापित एक्स-रे मशीन की तो वह बीते करीब एक वर्ष से बंद पड़ी हुई है।अब जोनल हास्पिटल में सिर्फ मोबाइल यूनिट वाली एक्स-रे मशीन ही बची है जिससे सिर्फ इमरजेंसी वाले केस ही डील किए जा रहे हैं।
