Mandi, Dharamveer (TSN)– शहर के रामनगर वार्ड में स्थित विशाल मेगा मॉर्ट में शुक्रवार सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। यह आग मॉर्ट की चौथी मंजिल पर बने कंट्रोल सर्वो पैनल में भड़की, जहां से पूरे मॉर्ट की बिजली नियंत्रित की जाती है। आग की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सुबह करीब 10 बजे बिजली गुल होने पर सुरक्षा कर्मी योगराज कंट्रोल पैनल की जांच करने पहुंचे, जहां उन्होंने पैनल में आग लगी देखी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मॉर्ट प्रबंधन को दी। कर्मचारियों ने प्राथमिक संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम महज पांच मिनट में मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई शुरू की।
फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते पाया गया आग पर काबू
सब फायर ऑफिसर मुनीश कुमार ने बताया कि यदि यह आग ज्यादा फैल जाती, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि यह इमारत शहर के बीचों-बीच स्थित है और दोपहर व शाम के समय यहां भारी भीड़ रहती है। गनीमत रही कि यह घटना सुबह के समय हुई, जब मॉर्ट में लोगों की आवाजाही कम थी।विशाल मेगा मॉर्ट के अनुसार, आग से कंट्रोल सर्वो पैनल पूरी तरह जल गया है, जिससे 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
