अरविंदर सिंह,हमीरपुर: बस अड्डा हमीरपुर के बाहर अवैध रूप से बढ़ाए गए दुकानों के छज्जे लोक निर्माण विभाग ने मंगलवार के दिन गिरा दिए। अवैध कब्जों पर मंगलवार के दिन पीला पंजा चला और अवैध कब्जे गिराए गए। वहीं विभागीय कार्रवाई होता देख कई दुकानदारों ने सोए ही अपना सामान समेट लिया। बस अड्डा के बाहर बनी हुई एचआरटीसी की दुकानों के छज्जे अवैध रूप से बढ़ा दिए गए थे। लोक निर्माण विभाग की ओर से की गई निशानदेही में भी यह छज्जे रडार पर थे। मंगलवार के दिन विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी के माध्यम से इन अवैध छजों को गिराया गया।
बता दें कि हमीरपुर बस अड्डा से लेकर पुराने आरटीओ ऑफिस तक फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। इसे लेकर लोक निर्माण विभाग ने कुछ दिन पूर्व ही निशानदेही की हैं। निशानदेही करने के बाद मंगलवार के दिन विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में फुटपाथ निर्माण की प्रक्रिया को शुरू किया गया। जेसीबी के माध्यम से यह कार्य किया जा रहा है ओर बताया जा रहा है कि प्रशासन की तरफ से समय समय पर फुटपाथ निर्माण के लिए ग्रांट जारी की जाती हैं।
वर्तमान में भी फुटपाथ निर्माण के लिए लाखों की राशि का प्रावधान किया गया हैं। उपलब्ध करवाई गई राशि के अनुरूप फुटपाथ निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया हैं। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग इंजीनियर दीपक कपिल ने बताया कि निशानदेही का कार्य पूरा करने के बाद अब फुटपाथ निर्माण की प्रक्रिया को शुरू किया गया हैं। इसी के चलते जेसीबी के माध्यम से अवैध कब्जों को हटाया गया हैं।
