अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर शहर में सड़क के दोनों किनारों पर फुटपाथ बनाने का जो काम पिछले कई सालों से आधा लटका हुआ है वह अब जल्द ही शुरू हो पाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने कमर कस ली हैं। विभाग ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर शहर के मेन बस स्टैंड से लेकर बागवानी विभाग के दफ्तर तक सड़क के दोनों किनारों पर फुटपाथ बनाने के लिए निशानदेही लेने का काम शुरू कर दिया गया हैं जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा ।
हमीरपुर जिला मुख्यालय में पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से राजस्व विभाग को मुख्य सड़क पर निशानदेही के लिए आवेदन किया गया था जिसके बाद निशानदेही की प्रक्रिया शुरू हो चुकी हैं। अब निशानदेही के बाद कहां पर सरकारी जमीन है यह तय हो पाया हैं । निशानदेही के दौरान कई स्थानों पर भवन मालिकों ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रखा हैं उनमें हड़कंप मच गया हैं। निशानदेही के दौरान जहां पर भी सरकारी जमीन सड़क के दोनों किनारों पर निकली है वहां पर लाल निशान पेंट से लगा दिए गए हैं। अब जहां जहां पर भी फुटपाथ बनाया जाना है वहां पर इस अतिक्रमण को हटाने का काम किया जाएगा ताकि शहर में फुटपाथ बनाने का जो काम बचा हुआ है उसे पूरा किया जा सके।
शहर के अधिकतर इलाकों में फुटपाथ का काम पूरा हो चुका है लेकिन सिर्फ करीब 1 किलोमीटर के दायरे में फुटपाथ का निर्माण होना बचा हुआ हैं। शहर के लोग बार-बार इस शहर की सबसे मेन सड़क जहां पर ट्रैफिक का लोड सबसे ज्यादा रहता है वहां पर पैदल चलने वालों के लिए दोनों किनारों पर फुटपाथ बनाने की मांग करते आए हैं। अब उनकी यह मांग जल्द पूरी होने की उम्मीद बढ़ गई हैं।
एसडीम हमीरपुर मनीष सोनी ने बताया कि राजस्व विभाग की ओर से पीडब्ल्यूडी विभाग के आग्रह पर मेन सड़क की निशानदेही का कार्य किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के कानूनगो व पटवारी की ओर से रेवेन्यू रिकॉर्ड में अधिकृत भूमि की निशानदेही कर सड़क की भूमि चिन्हित करवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर लोगों की ओर से अतिक्रमण भी किया गया हैं।
