घुमारवीं,सुभाष ठाकुर(TSN)-पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।उन्होंने कांग्रेस के मंत्री राजेश धर्माणी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले सरकार के कार्यकाल में बने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस की महज चार साल में ही मरम्मत का टेंडर जारी किया गया है।इस टेंडर में रेस्ट हाउस के पेंट और अन्य कार्यों की मरम्मत के साथ ही ऐसी चीजों की भी मरम्मत शामिल है,जिनकी कोई आवश्यकता नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कार्यों का ठेका मंत्री के करीबी रिश्तेदारों और ठेकेदारों को दिया जा रहा है।
पूर्व मंत्री गर्ग ने इसे मंत्री द्वारा घुमारवीं में लूटपाट का एक स्पष्ट उदाहरण बताते हुए भाजपा की ओर से कड़ा विरोध जताया।उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग को उन जगहों पर खर्च करना चाहिए जहां जरूरत है,लेकिन इसके विपरीत गलत कामों पर पैसा खर्च कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।पूर्व मंत्री गर्ग ने कहा कि भाजपा ऐसे कार्यों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी और जरूरत पड़ने पर जनता के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन करेगी।
