Mandi,Dharamveer(TSN)–तीन साल पहले शुरू हुई सरदार पटेल यूनिवर्सिटी अब तकनीक के क्षेत्र में एक नई पहचान बना रही है।यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर साइंस विभाग के छात्रों ने एक और नवाचार कर दिखाया है। अब मंडी शहर के धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में मदद करेगा “मंडी दर्शन ऐप”।
छोटी काशी के नाम से मशहूर मंडी शहर में जहां एक ओर श्रद्धालु और पर्यटक बड़ी संख्या में आते हैं,वहीं सही जानकारी और दिशा न मिल पाने के कारण उन्हें कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है।इसी समस्या का हल अब खोज निकाला है सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के एमसीए के सात छात्रों ने। ये सभी छात्र यूनिवर्सिटी के AI रोबोटिक क्लब ‘जेनओ सेवन’ के सदस्य हैं।इन्होंने इससे पहले यूनिवर्सिटी में क्लाइमेट क्लॉक स्थापित की और अब “मेरा ऑटो ऐप” पर भी काम कर रहे हैं, जो मंडी में ओला-उबर की तर्ज पर ऑटो सेवाएं देगी।
आशीष शर्मा, ऐप डेवलपर व एसपीयू छात्र“
हमने देखा कि श्रद्धालु मंदिरों तक पहुंचने के लिए इधर-उधर भटकते हैं। इसलिए हमने एक ऐसा ऐप बनाया है जिसमें दिशा-निर्देश के साथ-साथ मंदिरों का इतिहास और 360 डिग्री व्यू भी उपलब्ध होगा।”इंदिरा मार्केट की 236 दुकानों के लिए बना नेविगेशन ऐप पहले ही छात्रों की प्रतिभा को साबित कर चुका है, और अब मंडी दर्शन ऐप एक और बड़ा कदम है। 26 हज़ार रुपये के सीमित बजट में तैयार किए जा रहे इस ऐप को नगर निगम मंडी का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।
वीरेंद्र भट्ट,मेयर नगर निगम मंडी
“हाउस की बैठक में इस ऐप के प्रोटोटाइप को पेश किया गया। हमने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है और इसके बजट का खर्चा निगम उठाएगा।”इस ऐप में ओपन स्ट्रीट मैप का इस्तेमाल किया गया है और धार्मिक स्थलों को 360 डिग्री एंगल से दर्शाया जाएगा। यही नहीं, बावड़ियों की भी पूरी जानकारी इसमें उपलब्ध रहेगी।
