मंडी,धर्मवीर-:सरकाघाट में स्वर्गीय रांझा राम वेल्फेयर सोसायटी ने एक्ट ह्यूमन एनजीओ के सहयोग से एक सराहनीय पहल करते हुए 15 जरूरतमंद दिव्यांगों को नि:शुल्क कृत्रिम टांगें वितरित कीं। इस विशेष शिविर में पूर्व मंत्री रंगीला राम राव और आईजीएमसी शिमला के एमएस डॉ. राहुल राव भी मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा।
शिविर के दौरान डॉ. राहुल राव ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में कई ऐसे लोग चिन्हित किए गए थे जिन्हें कृत्रिम टांगों की आवश्यकता थी। इसके लिए 23 मार्च को सभी लाभार्थियों को सरकाघाट बुलाकर उनके नाप लिए गए थे।उसी आधार पर कृत्रिम टांगों का निर्माण कराया गया और आज उन्हें सफलतापूर्वक लाभार्थियों को लगाया गया। उन्होंने कहा कि सोसायटी लगातार ऐसे प्रयास कर रही है ताकि ग्रामीण इलाकों में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।इस शिविर में हमीरपुर जिले के अवाहदेवी निवासी सोमनाथ भी पहुंचे, जिन्होंने 1984 में एक सड़क दुर्घटना में अपनी टांग गंवा दी थी। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें जयपुर से कृत्रिम टांग मिली थी, लेकिन अब वह उपयोग के लायक नहीं रही थी। नई कृत्रिम टांग मिलने से उनकी जिंदगी में एक नई उम्मीद जगी है। उन्होंने इसके लिए सोसायटी का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के दौरान कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे और इस पहल की सराहना की। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों तक मदद पहुंचाने का संकल्प लिया।
Chandrika
