अरविंदर सिंह,हमीरपुर(TSN): केंद्र सरकार की ओर से गैस सिलेंडर के दामों में की गई कटौती पर जहां भारतीय जनता पार्टी के नेता सरकार की सराहना कर रहे हैं तो वहीं कांग्रेस पार्टी ने भी भाजपा को घेरना शुरू कर दिया हैं। हमीरपुर में जिला अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव में अपने गिरते ग्राफ से डर कर कदम उठा रही हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए पठानिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की राज्यस्थान सरकार लोगों को 500 रुपए में गैस सिलिंडर दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर के दामों में कटौती से महंगाई से कुछ राहत मिलेगी लेकिन सरकार को चाहिए की बढ़ती हुई महंगाई के रोकथाम के लिए और अधिक कदम उठाएं जाएं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कई वर्षों से केंद्र सरकार की ओर से गैस सिलेंडर के दामों में कटौती करने की मांग करता रहा हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम लोकसभा चुनावों में गिरते ग्राफ को लेकर लिया गया हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की ओर से उज्ज्वला योजना के नाम पर केंद्र सरकार की पीठ थपथपाई जा रही हैं, मगर कांग्रेस ने आमजनमानस तक गैस पहुंचाने का श्रेय नहीं लिया ।
भाजपा नेताओं की ओर से मुख्यमंत्री के भोरंज विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेश में आपदा के समय जिस तरीके से काम किया जा रहा है उसकी हर कोई सराहना कर रहा हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी के नेता अपनी राजनीति चमकाने के लिए इस तरह की बयान बाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली को विश्व बैंक, नीति आयोग के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार भी सराहना कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूर्व में भी भोरंज के दौरे पर आने वाले थे मगर किन्हीं कारणों से दौरा रदद् हो गया था जिसे उन्होंने समय देकर पूरा किया हैं । उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री हमीरपुर जिला के प्रवास पर भी आएंगे और बाकी विधानसभा क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लेंगे।
