बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – समाज के लिए नासूर बन रहे चिट्टा नशे को लेकर अब समाज जागरूक होने लगा है। बिलासपुर शहर में निरंतर हो रही युवा मौतों और चिट्टा नशे की दलदल में फंस रहे युवाओं को बचाने के लिए लोग घरों से बाहर निकलना शुरू हो गए हैं। इसी आशय को लेकर रविवार को शहर के वार्ड नंबर-8 में स्थित महर्षि वाल्मिकी मंदिर परिसर में पूर्व पार्षद अनिल किशोर की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें न सिर्फ वार्ड के लोग बल्कि अन्य पीड़ित परिवारों के सदस्यों ने भाग लिया। चिट्टा नशा समाज से कैसे दूर हो इस बारे में गहन मंथन किया गया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद अनिल किशोर ने बताया कि चिट्टा नामक नशा हर परिवार हर घर में दस्तक दे रहा है। ऐसे में इसे जड़ से समाप्त करने के लिए प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस बारे में हालांकि पुलिस प्रशासन अपना काम कर रहा है , लेकिन वह नाकाफी है। अनिल किशोर ने बताया कि आगामी दो मार्च को वे डीसी और एसपी से मुलाकात करेंगे, ताकि समाज से इस बुराई को समाप्त करने में सहयोग किया जा सके। इस दौरान निर्णय लिया गया कि आम जनता पुलिस को इस नशे के धंधे में संलिप्त लोगों के नाम व पहचान बताएगी ताकि पुलिस को कार्यवाही करने में आसानी हो। उन्होंने कहा कि दो मार्च को जिला प्रशासन से मिलने वाला प्रतिनिधिमंडल इससे पहले नगर में एक रैली का भी आयोजन करेगा , ताकि लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा सके।
