Dharamshala, Rahul-जिला कांगड़ा में युवाओं को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से एक विशेष 7-दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी मेरा युवा भारत कार्यालय, कांगड़ा के उपनिदेशक ध्रुव डोगरा ने दी।उन्होने बताया कि यह प्रशिक्षण जिला प्रशासन कांगड़ा, मेरा युवा भारत केंद्र कांगड़ा तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से जनपद स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र कांगड़ा में संपन्न होगा। इस प्रशिक्षण में जिले भर से 450 युवा प्रतिभाग करेंगे।
ध्रुव डोगरा ने युवाओं से आह्वान किया है कि वे इस विशेष अवसर का लाभ उठाएं और प्रशिक्षण में बढ़-चढ़कर भाग लें। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, भूस्खलन, भूकंप आदि से निपटने की तकनीकी जानकारी और राहत व पुनर्वास कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त युवा आगामी मानसून में अपने क्षेत्रों में प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ मिलकर कार्य कर सकेंगे।इच्छुक युवा मेरा युवा भारत कार्यालय, जवाहर नगर, धर्मशाला में नामांकन करवा सकते हैं। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
