सचिन शर्मा,केलांग: केलांग से बरबोग तक जल्द ही रोप वे बनकर तैयार होगा। इस रोप वे निर्माण को सरकार ने अपनी मंजूरी दे दी हैं। जल्द ही इस रोप वे की सुविधा जहां स्थानीय लोगों को मिलेगी, वहीं सैलानियों के लिए यह आकर्षण का केंद्र रहेगा। लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि केलांग से बरबोग रोप वे को प्रदेश सरकार ने हरी झंडी दे दी हैं। उन्होंने कहा कि बरबोग रोप वे को मंजूरी प्रदान करने के लिए वे दिल की गहराइयों से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का अभार व्यक्त करते हैं।
विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि उक्त रोप वे दो किलो मीटर लंबा होगा। उन्होंने कहा कि अटल टनल रोहतांग के निर्माण के बाद जहां लाहौल घाटी में सैलानियों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया है, वहीं अब लाहौल घाटी में भी सैलानियों को रोप वे की सुविधा मिलने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उक्त रोप वे के निर्माण पर एक करोड़ 20 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जहां घाटी के अन्य क्षेत्रों में भी रोप वे का निर्माण किया जाएगा, वहीं लाहौल स्पीति में पर्यटन गतिविधियां भी बढ़ाई जाएंगी, जिसे लेकर काम शुरू कर दिया गया हैं।
विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि लाहौल स्पीति में विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर अंजाम दिया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि वे बरबोग रोप वे के मंजूर होने पर घाटी के समस्त लोगों व खासकर पर्यटन कारोबारियों को बधाई देते हैं। उक्त रोप वे लाहौल के पर्यटन कारोबार के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग की तर्ज पर लाहौल के पर्यटन कारोबार को विकसित किया जाएगा।
