Shimla, Sanju:-महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में जीत दर्ज कर इतिहास रचने वाली टीम इंडिया की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर अपने गृह जिला शिमला के रोहड़ू उपमंडल के परसा गांव पहुंचीं। गांव पहुंचते ही ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया।
रेणुका ठाकुर ने सबसे पहले कुलदेवी हटेश्वरी माता मंदिर जाकर आशीर्वाद लिया। उनके साथ मां सुनीता ठाकुर, भाई विनोद ठाकुर और चाचा भूपेंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे। गांव में माहौल उत्सव जैसा रहा — बच्चों और ग्रामीणों में सेल्फी लेने की होड़ लग गई।मीडिया से बातचीत में रेणुका ने कहा कि घर लौटकर बहुत खुशी महसूस हो रही है। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि वर्ल्ड कप जीतने के बाद सबसे पहले माता का आशीर्वाद लेने अपने गांव आएंगी।
रेणुका ने कहा — “वर्ल्ड कप के दौरान दबाव जरूर था, खासकर न्यूजीलैंड और फाइनल मुकाबले में, लेकिन हमें पूरा विश्वास था कि कप भारत ही जीतेगा।”रेणुका की ‘मोर ड्राइंग’ वर्ल्ड कप के दौरान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी। इस पर उन्होंने कहा कि उन्होंने यह ड्राइंग टीम में पॉजिटिव माहौल और ऊर्जा बनाए रखने के लिए बनाई थी।उन्होंने बताया कि उनके चाचा भूपेंद्र ठाकुर ने समय रहते उन्हें HPCA अकादमी में दाखिला दिलवाया था, जिसके कारण वह आज यहां तक पहुंच पाईं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनकी मां के संघर्ष की सराहना पर रेणुका ने कहा कि यह उनके परिवार के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी उन्हें बधाई दी है और राज्य सरकार द्वारा सरकारी नौकरी देने का आश्वासन मिला है।
