Hamirpur,Arvind-हमीरपुर शहर के करीब 24 हजार बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से चल रही बिजली कटौती की समस्या के समाधान के लिए अब शहर में आधुनिक तकनीक वाला गैस इंसोलेटेड स्विचगियर (GIS) 33/11 केवी सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए विश्व बैंक से 36 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है
बिजली बोर्ड हमीरपुर के अधीक्षण अभियंता ई. आशीष कपूर ने जानकारी दी कि यह सब स्टेशन न केवल शहर की बिजली आपूर्ति को दुरुस्त करेगा बल्कि तकनीकी रूप से भी अत्याधुनिक होगा। इस सब स्टेशन के साथ-साथ शहर में ओवरहेड बिजली लाइनें डाली जाएंगी और डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर (DTR) भी स्थापित किए जाएंगे। साथ ही, आवश्यक स्थानों पर बिजली के पोल लगाए जाएंगे ताकि सप्लाई नेटवर्क मजबूत हो सके।
ई. कपूर ने बताया कि इस परियोजना के तहत शहर में ट्रांसफार्मर और पोल लगाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन यदि स्थानीय उपभोक्ता सहयोग करें और अपने क्षेत्र में जगह उपलब्ध कराएं तो यह काम सुचारू रूप से पूरा किया जा सकेगा।उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह परियोजना हमीरपुर शहर को स्थाई और विश्वसनीय बिजली आपूर्ति देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
