हमीरपुर, अरविंद-: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के विरोध में हमीरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर धरना दिया और भाजपा का पुतला जलाकर अपना रोष जताया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई।प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा पर दलित विरोधी होने के आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्षी नेताओं को अपनी बात रखने और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने का अधिकार है। ऐसे में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया गया, लेकिन जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मांग की कि कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार करने वाले लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा सर्व समाज को साथ लेकर चलने की है और पार्टी के कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए कानून और जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने भी एफआईआर की कार्रवाई को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों को सरकार और प्रशासन से सवाल करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने तानाशाही का नया ट्रेंड शुरू किया है। प्रदर्शन में पूर्व विधायक अनिता वर्मा, नशा निवारण बोर्ड के अध्यक्ष नरेश ठाकुर सहित जिला व ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
