बिलासपुर, सुभाष-: ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को बिलासपुर स्थित द आर्ट एंड कल्चर ऑडिटोरियम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान अभियान की पांच वर्ष की उपलब्धियों, शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी समाज की मजबूत नींव शिक्षा पर टिकी होती है। जरूरतमंद और वंचित बच्चों को शिक्षा से जोड़ना तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाना समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के प्रयासों को सराहनीय बताते हुए उन्हें पांच वर्ष पूरे होने पर बधाई दी।
उन्होंने कहा कि समाज में स्थायी और सकारात्मक बदलाव लाने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसमें सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से ही जरूरतमंद वर्ग तक शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती हैं।समारोह के दौरान अभियान के पांच वर्षों के सफर को प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अभियान के माध्यम से बच्चों के लिए किए जा रहे शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी भी साझा की गई।राज्यपाल ने कहा कि समाजहित में किए जाने वाले कार्य न केवल जरूरतमंदों का भविष्य संवारते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने अभियान की सफलता की कामना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया।

