विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: नारी चिंतपूर्णी पंचायत के वार्ड नंबर 2 की हरिजन बस्ती अब पक्की सड़क से जुड़ेगी। बुधवार को हिमाचल प्रदेश की चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलबीर चौधरी ने नारी चिंतपूर्णी पंचायत के वार्ड नंबर 2 की हरिजन बस्ती को डेढ़ किलोमीटर के पक्की सड़क मार्ग के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इस सड़क निर्माण पर 89.42लाख का खर्च आएगा। इस सड़क निर्माण से हरिजन बस्ती पक्की सड़क सुविधा से लाभांवित होगी। इसके साथ-साथ इस मार्ग पर स्थित प्राकृतिक मां बगलामुखी के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। मां बगलामुखी के दरबार में भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने आते है।
इसके साथ-साथ नारी पंचायत के वार्ड नंबर 2 के बाशिंदे भी इससे लाभांवित होंगें। इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना भी उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्य रूप से प्राकृतिक बगलामुखी मंदिर के पंडित यशपाल कौल,भाजपा उपाध्यक्ष ठाकुर होशियार सिंह,लखबीर सिंहआदि भी उपस्थित रहे। इस मौके पर विधायक बलवीर चौधरी ने कहा की उन्होंने कांग्रेस नेता की तरह अपनी और अपने बेटे के बैनर विधानसभा में नहीं लगवाए है। पिछली कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में पीडब्ल्यूडी विभाग में 102 पदों को खत्म कर दिया था।
भाजपा सरकार ने उन सभी पदों को भर दिया है। विधायक ने इस मौके पर कहा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चिंतपूर्णी मंदिर के विस्तारीकरण का भूमि पूजन करने आएंगे तो उनका हेलीकॉप्टर धलबाड़ी गांव में बन रहे हेलीपैड में उतरेगा। इसके अलावा चिंतपूर्णी कॉलेज के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कॉलेज तो चिंतपूर्णी के नाम से है परंतु कॉलेज इस वक्त कांगड़ा जिला के अंदर बने हुए भवन में चल रहा है जल्द ही इस को धलवाड़ी गांव में बिल्डिंग बनाकर शिफ्ट किया जाएगा।
