सोलन : योगेश शर्मा- शनिवार को सोलन पहुंचे ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने दावा किया है कि कांग्रेस ने जो अपनी सभी गारंटीयां चुनाव के समय में जनता को दी थी उसे जल्द पूरा किया जाएगा । इन गारंटियों में किसानों से गोबर खरीदने और दूध खरीदने की भी गारंटी थी जिसे जल्द ही पूरा किया जाना है। उन्होंने कहा कि जो भी वादे कांग्रेस ने जनता से किए हैं निश्चित रूप से वह सभी पूरे होंगे और इसके लिए प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार कार्य कर रही है ।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि जनता से जो भी वादे चुनाव के समय में कांग्रेस ने किए थे , उसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है । सबसे पहले हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों को ओपीएस देने का वादा कांग्रेस सरकार ने किया था जिसे सरकार ने पूरा किया है । वहीं महिलाओं को ₹1500 देने के बात सरकार ने कही है, उसको लेकर भी सरकार ने कार्य करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार हर वर्ग के लिए कार्य कर रही है और आने वाले समय में प्रदेश को कैसे आगे बढ़ाया जाए इसको लेकर कार्य किया जा रहा है।
10 साल में बेहतर राज्य बनाने के लिए सरकार कार्य कर रही
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि भले ही हिमाचल प्रदेश कर्ज के बोझ में दबा है लेकिन उससे उबरने के लिए और 10 साल में बेहतर राज्य बनाने के लिए सरकार कार्य कर रही है। बता दें कि पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित जिलास्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में लगी विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और समारोह में सांस्कृतिक प्रोग्राम करने वाले और समाजिक क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया।
