किन्नौर | हिमाचल प्रदेश की बेटी और SSB CAPF (सशस्त्र सीमा बल) में कार्यरत महिला मुक्केबाज़ शशिकला नेगी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। किन्नौर जिले के दूनी गांव से ताल्लुक रखने वाली शशिकला, 27 जून से 6 जुलाई तक अमेरिका के बर्मिंघम में आयोजित होने जा रहे विश्व पुलिस खेलों में भारतीय महिला मुक्केबाजी टीम का हिस्सा होंगी। वह 75 किलोग्राम भार वर्ग में देश के लिए पदक की दावेदार होंगी।
शानदार करियर, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर दमदार प्रदर्शन
शशिकला नेगी का बॉक्सिंग करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने पांच बार सब जूनियर और जूनियर नेशनल प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। वहीं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी चार बार पदक (स्वर्ण, रजत और कांस्य) जीतकर भारत का परचम लहराया।
उन्होंने इससे पहले बुल्गारिया और सर्बिया में हुई विश्व चैंपियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जहां उन्होंने दिग्गज अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज़ों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। 2013 में AIBA महिला जूनियर और युवा विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में हिस्सा लेना उनके करियर का अहम मोड़ रहा।
2014 में गोल्डन ग्लब्स में गोल्ड, 2016 में नेशनल में सिल्वर
शशिकला की प्रमुख उपलब्धियों में 2014 में गोल्डन ग्लब्स इंटरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक और 2016 में पहली एलीट महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक शामिल हैं। ये उपलब्धियां उनके लगातार उच्च स्तर पर प्रदर्शन की गवाही देती हैं।
देश को पदक की उम्मीद
अब जब वह विश्व पुलिस खेलों के लिए अमेरिका रवाना होने वाली हैं, तो न सिर्फ हिमाचल, बल्कि पूरा देश उनसे पदक की उम्मीद लगाए बैठा है। शशिकला का लक्ष्य है कि वह इस प्रतिष्ठित मंच पर भी देश को गौरवान्वित करें।
