Shimla, Sanju — हिमालयन ब्रह्मो समाज शिमला के पदाधिकारियों ने आज एक प्रेस वार्ता आयोजित कर स्वर्गीय विमल नेगी की संदिग्ध मृत्यु पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की। समाज के ट्रस्टी महेंद्र कुमार ने कहा कि विमल नेगी की मृत्यु की परिस्थितियाँ अत्यंत गंभीर हैं और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
महेंद्र कुमार ने विधायक सुधीर शर्मा के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि रामकृष्ण मिशन और तथाकथित भूमाफियाओं द्वारा भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही है, जबकि ब्रह्मो समाज अपनी भूमि को बचाने का प्रयास कर रहा है। महेंद्र कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस ज़मीन को लेकर विवाद है, वह मामला वर्तमान में माननीय सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है और उसमें रामकृष्ण मिशन व अन्य पक्षों को जमीन में किसी भी प्रकार की दखलंदाजी से रोका गया है।
प्रेस वार्ता में यह भी आरोप लगाया गया कि रामकृष्ण मिशन से जुड़े लोगों और भूमाफियाओं ने ब्रह्मो समाज के अनुयायियों पर हमला करवाया, जिसमें कई लोग घायल हुए। बालूगंज थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस द्वारा गंभीर जांच की जा रही है। एसपी संजीव गांधी की जांच में यह सामने आया है कि भूमि का सौदा अवैध तरीके से किया गया, जिसकी रिपोर्ट जिलाधीश को सौंपी गई है।
महामंत्री विशाल शर्मा ने पूर्व डीजीपी संजय कुंडू पर ब्रह्म समाज को झूठे मामलों में फंसाने और पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाज के हित में काम कर रहे पुलिस अधिकारियों के तबादले किए जा रहे हैं, जिससे निष्पक्ष जांच प्रभावित हो रही है।उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि ईमानदार पुलिस अधिकारी संजीव गांधी को उनके पद पर बनाए रखा जाए और उन उच्च अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए जो जांच को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमालयन ब्रह्मो समाज संजीव गांधी के साथ खड़ा है।
