भावना शर्मा,पालमपुर : पालमपुर में मनाए जाने वाले ऐतिहासिक राज्यस्तरीय होली मेले की रविवार से शुरुवात हो गई हैं। इस मेले का आगाज रविवार को पालमपुर के कालीबाड़ी मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाल कर किया गया। शोभायात्रा में मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल ने की मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी और कहा की राज्य स्तरीय होली महोत्सव पालमपुर को राष्ट्रीय स्तर होली महोत्सव बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
यह शोभायात्रा लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह से आरंभ होकर पालमपुर बाजार से होते हुए गांधी मैदान पहुंची। गांधी मैदान में दंगल का आयोजन शोभायात्रा के बाद हुआ। यहां गांधी मैदान में जहां महिला और पुरुष वर्ग की कुश्ती का आयोजन किया गया तो वही गतका के साथ ही ताइक्वांडो और तिब्बतियन डांस की प्रस्तुति भी दी गई।
वहीं आज इस राज्य स्तरीय होली महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत करेंगे। वहीं विधायक वविपिन सिंह परमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। प्रथम सांस्कृतिक संध्या में नाटी किंग ठाकुर दास राठी के अतिरिक्त प्रशांत भारद्वाज, एसी भारद्वाज, ममता भारद्वाज अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं मांडव्य कला मंच के कलाकार भी सांस्कृतिक संध्या में अपना रंग बिखेरेंगे। सांस्कृतिक संध्या के दौरान व्यंग्य विनोद का दायित्व कॉमेडियन हरवंश अरोड़ा संभालेंगे।
इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल ने कहा कि पालमपुर की होली का ऐतिहासिक और पारंपरिक महत्व हैं। उन्होंने बताया कि आज से होली मेले की शुरुआत शोभायात्रा से की गई हैं। वही पूजा-अर्चना के बाद 3 सालों से बंद दंगल प्रतियोगिता का भी आयोजन इस ऐतिहासिक पर्व पर दोबारा शुरू किया गया हैं। उन्होंने बताया कि 4 दिन तक चलने वाले इस मेले में सांस्कृतिक आयोजनों के साथ ही कई तरह के अन्य कार्यक्रम भी करवाए जा रहे हैं। यह प्रयास किया गया है कि सभी वर्गों के लिए कुछ ना कुछ गतिविधियां इस मेले में आयोजित की जाएं। वहीं उन्होंने मेले को सफल बनाने के लिए पालमपुर की जनता से भी सहयोग की अपील की हैं। उन्होंने कहा है कि अभी पालमपुर में राज्य स्तरीय होली मेला मनाया जाता है और इस मेले को राष्ट्रीय स्तरीय होली मेले का दर्जा दिलवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे ।
