सोलन : योगेश शर्मा- कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता कुशल जेठी ने पिछले कल प्रेस वार्ता के दौरान सिरमौर को लेकर दिए गए अपने बयान में माफी मांगी है ।
कुशल जेठी ने कहा कि पिछले कल उन्होंने ओपीएस को लेकर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के लिए जनता ने कांग्रेस का साथ दिया है। ऐसे में नाहन के लोगों ने भी कांग्रेस का विधायक चुनकर भाजपा को दिखा दिया है कि सिरमौर की जनता भी बदलाव करना जानती है। उन्होंने बयान दिया था कि सिरमौर के लोगों को देरी से समझ में आता है। कुशल जेठी ने अपने बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने दंतकथा के जरिए यह बयान दिया था और उदाहरण के लिए उन्होंने इस बात को रखा था लेकिन अगर उनके इस बयान से सिरमौर या प्रदेश के लोगों को ठेस पहुंची है तो उसके लिए वे माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री सिरमौर से ही थे ऐसे में सिरमौर या प्रदेश का कहीं भी अपमान वह नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनके बयान देने के बाद उन्हें प्रदेशभर से बड़े नेताओं और लोगों के भी फोन आए ऐसे में अपने बयान को लेकर वे माफी मांगते है।
