बिलासपुर :सुभाष ठाकुर (TSN)- जम्मू कश्मीर से अवैध रूप से लाई जा रही 40 हजार सेब की पौध को उद्यान विभाग ने पकड़ा और कार्रवाई करते हुए आग लगाकर नष्ट कर दिया। इस पौध की कीमत करीब चार लाख रुपये है।
जानकारी के अनुसार जम्मू कश्मीर के कुलगाम से एक ट्रक में अवैध रूप से 40 हजार सेब की पौध शिमला ले जाई जा रही थी। इसी दौरान स्वारघाट के थापना के पास उद्यान विभाग के कर्मचारी ने ट्रक को जांच के लिए रोका। जांच के दौरान ट्रक के अंदर सेब की पौध पाई गई, लेकिन इससे संबंधित कोई भी कागज चालक के पास नहीं थे। इसकी जानकारी उद्यान विभाग के अधिकारियों को दी गई और आगामी कार्रवाई शुरू की गई। जो लोग इस पौध को ला रहे थे, उन्हें कागज पूरे करने के निर्देश दिए गए, लेकिन वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों को इससे अवगत कराया। उच्च अधिकारियों ने नियमों के अनुसार कार्रवाई कर पौध को नष्ट करने के निर्देश दिए। इसके बाद निकाल स्थित उद्यान विभाग की नर्सरी के पास पौध को आग लगाकर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई प्रदेश फल पौध पंजीकरण व विनियमन अधिनियम 2015 की धारा 17 की उपधारा 2 के तहत की गई। उद्यान विभाग अवैध पौध को लेकर सजग है और प्रदेश के बॉर्डर में चार स्थानों पर नाके लगाए हुए हैं। यहां पर लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। बता दें कि बाहरी राज्यों से फल पौधों की खरीद के लिए नर्सरी का लाइसेंस और पौध ले जाने की अनुमति जरूरी होती है। इसके अलावा उस प्रदेश के उद्यान विभाग से फल पौधे बीमारी रहित होने का प्रमाण पत्र भी होना चाहिए। इस मौके पर उपनिदेशक जिला उद्यान विभाग डॉ. माला शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
