हमीरपुर | ग्राम पंचायत पट्टा के तहत आने वाले वार्ड नंबर चार पट्टा में सडक़ किनारे बना हुआ दिव्यांग दंपत्ति का मकान का डंगा ध्वस्त हो गया है। बीते शुक्रवार रात के समय बारिश की वजह से डंगा गिर गया जिस कारण मकान खतरे की जद में आ गया है। यदि और भूस्खलन हुआ तो मकान भी गिर सकता है। भूस्खलन की जद में परिवार का रसोईघर तथा मकान आ गया है। सूचना मिलने के बाद शनिवार को सुबह के समय पंचायत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। पंचायत की प्रधान गीता देवी तथा उपप्रधान दिनेश ठाकुर ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि गरीब परिवार पर कुदरत की मार पड़ी है। लोकनिर्माण विभाग को अवगत करवाया गया लेकिन कोई संतुष्ट जवाब पंचायत प्रतिनिधियों को नहीं मिला। ऐसे में प्रशासन से मांग की गई है कि पीड़ित परिवार की यथासंभव सहायता की जाए ताकि उनका मकान सुरक्षित रहे।
पीड़ित सिमरो देवी ने बताया कि उनके पति बोल नहीं सकते तथा वह भी दिव्यांग हैं। बीते शुक्रवार रात को मकान का डंगा गिर गया जिस कारण पूरे मकान को खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई है।
पट्टा पंचायत के उपप्रधान दिनेश ठाकुर ने बताया कि परिवार को डंगा गिरने से बहुत नुकसान हुआ है। मकान खतरे की जद में आ गया है। कभी भी कमान को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार की सहायता करने की मांग की है।
