संजु चौधरी, शिमला: एचआरटीसी चालकों ने पंजाब में अपनी सेवाएं बंद करने का अल्टीमेटम पंजाब सरकार को दे दिया है। अल्टीमेटम को देने के पीछे की वजह पंजाब में लगातार एचआरटीसी चालकों के साथ हो रही मारपीट है। ताजा मामले में एचआरटीसी चालक के साथ एक बार फिर मारपीट का मामला सामने आया है। यह मामला संतोषगढ़ का हैं।
इस बार अचानक के साथ हुई मारपीट पर चालक यूनियन ने भी कड़ा विरोध जताया है। यूनियन की ओर से मामले में कार्रवाई करने की मांग पंजाब सरकार से की जा रही। चालक के साथ मारपीट को लेकर यूनियन ने पंजाब सरकार को अल्टीमेटम दे दिया है कि जल्द इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जाती तो एक सप्ताह बाद एचआरटीसी चालक पंजाब में सेवाएं नहीं देंगे।
एचआरटीसी चालक यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह नेमंगलवार को पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि जोगिंदरनगर डिपो के बस चालक पर कल देर रात्रि 12 बजे नंगल में तेज धार हथियार से हमला किया गया । यह बस देहरादून से आ रही थी और संतोषगढ़ में टिप्पर चालक बस ड्राइवर पर हमला कर वहां से फरार हो गया। इस घटना के बाद परिचालक और चालक सड़क पर बैठ गए जिसके बाद इस घटना को लेकर जाम लगा, लेकिन इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी अभी पंजाब पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इस प्रकार की चालकों के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं ।चालक यूनियन मांग करती है कि जल्द से इस मामले में पंजाब पुलिस एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करे अन्यथा एचआरटीसी चालक पंजाब में सेवाएं नहीं देंगें। उन्होंने कहा कि यूनियन पंजाब सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देती है। बता दें कि एचआरटीसी प्रबंधन के समक्ष भी यह मामला उठाया गया है। वहीं मान सिंह ने कहा कि आने वाले दो दिन के बाद जो भी सरकार सत्ता में आएगी यूनियन उसका पूरा समर्थन करती है और सरकार के समक्ष कर्मचारियों के मुद्दे उठाए जाएंगे।
