राहुल चावला, धर्मशाला: बढ़ते हुई सड़क हादसों पर रोक लगाने को लेकर धर्मशाला में जिला पुलिस की ओर से सुरक्षित हूं मैं अभियान चलाया जा रहा हैं। इस अभियान के तहत वाहन चालकों को जागरूक करने का जिम्मा पुलिस की ओर से उठाया गया हैं। अभियान के तहत लोगों को यातायात नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने को लेकर पुलिस जागरूक कर रही हैं। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों ओर चालक के साथ सवार को भी हेल्मेट पहनने ओर चौपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने को प्रेरित किया जा रहा हैं।
बुधवार सुबह एएसपी हितेश लखनपाल के नेतृत्व में पुलिस ने पुलिस थाना धर्मशाला के बाहर यह जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस स्टाफ के साथ-साथ एएसपी हितेश लखनपाल स्वयं दोपहिया व चौपहिया वाहन चालकों को जागरूक करते नजर आए। सुबह 9 बजे से 10 बजे तक चलाए गए अभियान के दौरान जो भी दोपहिया वाहन थाना के बाहर से गुजरे, उनमें चालक के पीछे बैठे सवार को भी हेल्मेट पहनने को प्रेरित किया गया। साथ ही चौपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनकर और लिमिट स्पीड में वाहन दौड़ाने का आवाह्न किया गया।
इस दौरान एक महिला स्कूटी पर वहां से गुजरी, जिसने अपनी छोटी बेटी जो कि स्कूटी पर पीछे बैठी थी, उसे भी हेल्मेट पहनाया था। इस पर एएसपी हितेश लखनपाल ने कहा कि पुलिस के सुरक्षित हूं मैं, अभियान के तहत फैलाई जा रही जागरूकता के परिणाम सामने आना शुरू हो गए हैं। बहुत से लोगों पर अभियान का असर हुआ है ओर अभी यह अभियान 15 मार्च तक चलेगा। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो, इसी के लिए यह अभियान शुरू किया गया हैं। धर्मशाला के कॉलेज रोड़ और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास भी जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
