राहुल चावला,धर्मशाला: 1025 मीटर लंबे तिरंगे के सम्मान में भव्य मानव श्रृंखला यात्रा का आयोजन वीरभूमि पालमपुर से धर्मशाला तक किया गया। इस यात्रा में विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार विशेष रूप से शामिल रहे और उन्होंने 1025 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज को धर्मशाला में जिला प्रशासन को सौंपा। जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त जिलाधीश कांगड़ा गन्धर्वा राठौर,एसपी कांगड़ा डॉ. खुशहाल शर्मा और एसडीएम कांगड़ा शिल्पी बेकटा ने राष्ट्रीय ध्वज को ग्रहण किया।
धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि 1025 मीटर लंबा राष्ट्रीय ध्वज 14 अगस्त को पालमपुर में हजारों लोगों की उपस्थिति में तिरंगा यात्रा निकाली गई थी और आज इस तिरंगे के सम्मान में मानव श्रृंखला के माध्यम से वीरभूमि पालमपुर से यह यात्रा होते हुए धर्मशाला जिला मुख्यालय में पहुंची है। उन्होंने कहा इस लंबी तिरंगा यात्रा में समाज का उत्साह, लोगों की उपस्थिति, स्कूल और कॉलेजों के बच्चों की उमंग देखते ही बन रही थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा का जो विचार काम कर रहा है उसमें राष्ट्र सबसे ऊपर है।
राष्ट्रवाद देश के लोगों के जेहन में पैदा होना चाहिए, वह शब्दों से नहीं बल्कि व्यवहार से दिखाई देता है और उसका एक नमूना यह मानव श्रृंखला के रूप में यहां पर तिरंगा यात्रा के रूप में देखने को मिली है। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि इस राष्ट्रीय ध्वज को जिलाधीश कार्यालय में एक स्थान चयनित कर प्रदर्शित किया जाएगा। ताकि लोग उसे देख सके और इन ऐतिहासिक क्षणों को भी याद रख सकें। उन्होंने कहा कि 1025 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज एवं मानव श्रृंखला के बारे में भी लोगों को जानकारी प्रदान की जाएगी, ताकि पढ़ने के बाद भी लोगों को यह महसूस हो सके कि तिरंगा क्या है।उन्होंने कहा कि यह तिरंगा लोगों के जहन तक हमें पहुंचाना है, यही संकल्प और यही भाजपा की सोच है।
विपिन सिंह परमार ने कहा की आज कांग्रेसी देश में कहीं भी नहीं है और यहां पर भाजपा का विचार एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं गृह मंत्री अमित शाह के आशीर्वाद से और कुशल नीतियों के दम पर एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयासों के चलते प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा की सरकार सत्ता में दोबारा वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि नए वर्ष में भाजपा भगवा विचार की सरकार बनेगी। परमार ने कहा कि कांग्रेस के पास ना नेता है और ना नेतृत्व है । उन्होंने कहा कि लोगों का कांग्रेस से मोह भंग हो चुका है।
