मंडी/धर्मवीर- डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल मंडी में एलकेजी के नौनिहालों के लिए ‘जंगल जंबोरी’ नाम से जानवरों और पक्षियों पर आधारित एक आकर्षक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस दौरान नन्हे विद्यार्थियों ने विभिन्न जानवरों और पक्षियों की वेशभूषा धारण कर उनके बारे में रोचक जानकारियां साझा की। प्रदर्शनी में बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों और आकर्षक प्रॉप्स के माध्यम से अलग-अलग जानवरों और पक्षियों का रूप धारण किया।
नन्हें-मुन्हों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने पात्रों का परिचय देते हुए उनके प्राकृतिक आवास, खान-पान, विशेषताओं और जीवनशैली के बारे में बताया। इसके साथ ही उन्होंने पर्यावरण में जानवरों और पक्षियों के महत्व तथा उनके संरक्षण और देखभाल की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य के.एस. गुलेरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न डिस्प्ले का अवलोकन किया और नौनिहालों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों की मेहनत, रचनात्मकता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे बच्चों में जिज्ञासा, संवाद कौशल, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। साथ ही उनमें प्रकृति और सभी जीवों के प्रति प्रेम एवं संवेदनशीलता भी बढ़ती है।
