राहुल चावला, धर्मशाला: भाजपा सरकार ने पिछले पांच साल में हिमाचल की दुर्दशा कर रख दी है। आज भाजपा अपनें काम पर नहीं अपनी सिंबल पर वोट मांगती है। यह बात कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया विभाग की अध्यक्षा एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने भाजपा को चुनावों के लिए जारी किए गए उनके घोषणापत्र पर भी घेरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जुमलों पर नहीं काम पर विश्वास करती है। हमारा घोषणा पत्र इस बात का प्रतिबिंब है। हमारे दस मुख्य बिंदु लगभग हिमाचल के सारे सेक्टर को कवर कर रहे है चाहे वो युवा हों या बुजुर्ग या फिर महिलाएं या फिर किसान।
उन्होंने कहा कि भाजपा का नया घोषणापत्र आठ लाख नौकरी की बात करता है, लेकिन 63000 रिक्त पदों को पिछले पांच साल में भाजपा नहीं भर पाई है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा खुद स्कूटी और साइकिल बांटे तो वे रेवड़ियां नहीं है पर हम कुछ करें तो वे रेवड़ियां हैं। उन्होंने भाजपा को घेरते हुए कहा कि भाजपा अपने शासित राज्यों में कुछ भी करे उन्हें माफ़ है पर हम ना करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को दिवास्वप्न दिखाने वालों ने सिर्फ़ युवाओं को भटकाने का काम किया है।
सुप्रिया ने कहा कि भाजपा दोहरे मापदंड अपनाती हैं ,अपने रिपोर्ट कार्ड पर नहीं बस धर्म और जाति के नाम पर ही वोट मांगते है,क्योंकि इन्होंने कुछ किया ही नहीं तो बतायेंगे क्या? 2017 में इन्होंने माफिया कि बात की थी लेकिन इनके राज में नए-नए माफिया आ गए- खनन माफिया, शराब माफिया, भर्ती माफिया को इन्होंने संरक्षण दिया है। महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर दो साल की बच्ची का रेप होता है। गुड़िया हेल्प लाइन आज हेल्प लेस लाइन बन चुकी है। ना ये ओल्ड पेंशन स्कीम पर बात करते हैं और ना ही पूर्व सैनिकों की। आज पूरे भारत में प्रति लाख सेना में हिमाचल का प्रतिशत ज़्यादा है, पर ये अग्निवीर लेकर आते है जिससे सेना में जाने वाले युवाओं का भविष्य भी खराब कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2022 चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने “हिमाचल, हिमाचलियत और हम” के समावेश से जो प्रतिज्ञा पत्र जनता के समक्ष रखा है वो हमारी हिमाचल की जनता के लिए प्रतिज्ञा है, भाजपा की तरह जुमला नहीं है और इस बार की चुनाव में हिमाचल की जनता स्पष्ट तौर पर कह रही है – आ रही है कांग्रेस।
