राकेश, ऊना: प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों की ओर से अपने चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिए गए हैं। कांग्रेस ने जहां शनिवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया था तो वहीं रविवार को भाजपा की ओर से अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया गया, जिसे भाजपा ने संकल्प पत्र का नाम दिया है। दोनों राजनीतिक दलों की ओर से अब एक-दूसरे के घोषणा पत्र को लेकर जुबानी जंग शुरू हो गई है।
कांग्रेस की ओर से रविवार को भाजपा की ओर से जारी किए गए घोषणापत्र पर सवाल खड़े किए गए है। भाजपा के घोषणा पत्र में कांग्रेस के 5 लाख रोजगार देने की गारंटी को पार करते हुए 8 लाख रोजगार दिए जाने की घोषणा की गई है, जिस पर कांग्रेस ने 5 साल सत्ता में रहते हुए बीजेपी की ओर से इस पर ध्यान न दिए जाने का आरोप लगाया है।
गगरेट से कांग्रेस प्रत्याशी चैतन्य शर्मा ने कहा कि जब भाजपा 5 साल तक प्रदेश में सत्ता में रहे तो उन्होंने बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के लिए कार्य क्यों नहीं किया। कांग्रेस ने भाजपा के घोषणापत्र को पूर्व में उनकी असफलताओं पर पर्दा डालने का प्रयास किए जाने ओर झूठ का पुलिंदा बताया है।
