संजीव महाजन,नूरपुर: ज्वाली विधानसभा में पुलिस थाना ज्वाली के तहत पंचायत नरगाला में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से एक बैल पर तेजधार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया है। घटना के बाद से इलाके के लोग गुस्से में है और आरोपी व्यक्ति को तलाश कर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार एक बैल की पिछली टांग पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने तेजधार हथियार से वार कर काट डाला जिसके कारण बैल की तड़पने से मौत हो गई। इस घटना से ग्रामीणों में काफी रोष है ओर ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान शिव धीमान को इसकी जानकारी दी। पंचायत प्रधान शिव धीमान ने कहा कि मुझे कल रात फोन आया था रात को मैं आ नहीं सका और आज मौके पर पहुंचा तो देखा की यहां पर किसी ने बैल को बुरी तरह से किसी चीज से काटा हुआ है।
मैंने पुलिस व वेटरिनरी डॉक्टर को सूचित किया। एसएचओ ज्वाली सुरजीत कुमार मौके पर पहुंचे ओर तफ्तीश की। वहीं वेटरिनरी डॉक्टर ने टीम सहित मौके पर पहुंचकर बैल का पोस्टमार्टम किया है। पंचायत प्रधान शिव धीमान सहित गांववासियों ने इस घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की तलाश कर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
