बिलासपुर :सुभाष ठाकुर- सदर थाना के तहत नौणी में एक ही रात में दो दुकानों में चोरी की घटना हुई है। अज्ञात चोर 76 हजार रुपये की राशि दोनों दुकानों के गल्ले से चुराकर ले गए हैं। वहीं, सिगरेट के पैकेट्स सहित अन्य वस्तुएं भी गायब हैं। अज्ञात चोर बड़ी ही चतुराई से दुकान की पिछली खिड़की की जाली तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे गए।
गल्ले में उड़ाया 76 हजार कैश
बताया जा रहा है कि मोहित शर्मा निवासी नौणी, कोठीपुरा नौणी में अपने घर की उपर वाली मंजिल में करियाना की दुकान करता है। वहीं, अन्य दुकान मालिक रामलोक की दुकान है। दोनों की दुकान पार्टेशन पर ही है। बताया जा रहा है कि मोहित शर्मा अपनी दुकान को बंद कर अपने घर मे नीचे वाली मंजिल में सो गया। इसके अलावा दूसरा दुकानदार अपनी दुकान बंद कर नम्होल चला गया था। बताया जा रहा है कि मोहित शर्मा जब सुबह के समय उठा और अपनी दुकान खोली तो दुकान के अंदर बिखरे हुए सामान को देखकर हैरान रह गया। गल्ले में रखा हुआ करीब 20 हजार रुपये का कैश गायब था। पता चलने पर दूसरा दुकानदार रामलोक भी दुकान में पहुंचा और जब अपना गल्ला चैक किया तो गल्ले में से 56000 रुपये की राशि नहीं थी।
इस बारे में डीएसपी हैडक्वार्टर राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने दुकानदारों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा जल्द मामले में संलिप्त लोगों को पकड़ लिया जाएगा।
