नाहन:देवेंद्र कुमार – हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब उपमंडल में राजबन के समीप पांच अनमोल जीवन तकरीबन 3 दिनों से टापू पर फंसे हुए हैं। हालांकि,प्रशासन का मजदूरों से संपर्क हो पा रहा है, लेकिन रेस्क्यू करने की तमाम कोशिशें नाकाम होती नजर आ रही हैं।
नदी के तेज बहाव के बीच मदद के लिए हाथ हिलाते लोगों की यह तस्वीरें गिरी नदी के टापू पर फंसे लोगों की है। यह लोग यहां पर 3 दिनों से फंसे हुए हैं। जानकारी ये है कि एक स्टोन क्रशर को इंस्टॉल करने के सिलसिले में ये मजदूर टापूनुमा जगह पर गए थे। इसी बीच मूसलाधार बारिश के कारण अचानक ही गिरिनदी का जलस्तर बढ़ गया। चूंकि, ये मजदूर इसी जगह पर रह रहे थे, लिहाजा दो-तीन दिन के खाने की व्यवस्था मौजूद थी। सोमवार को प्रशासन ने रेस्क्यू की हर मुमकिन कोशिश की है। अपने स्तर पर तमाम कोशिशें करने के बाद एनडीआरएफ (NDRF) से मदद मांगी गई थी। लेकिन एनडीआरएफ ने भी पानी का बहाव कम होने तक इंतजार करने को कहा है। तीन दिशाओं से इन मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश की गई। दरअसल, नदी के छोर से टापू तक पहुंचने की दूरी लगभग 300 मीटर बताई जा रही है। सिरमौर प्रशासन इन मजदूरों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। लिहाजा इनको एअरलिफ्ट करवाने पर विचार चल रहा है। प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं, मगर पांच जिंदगियों को बाढ़ से बचाने का कोई जरिया अभी तक नहीं निकल पाया है। इनके परिजन जल्द सहायता पहुंचाने की गुहार लगा रहे हैं।
