भावना, शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनावों का समय है। ऐसे में बीजेपी सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं और अपने प्रचार- प्रसार के लिए प्रदेश भर में वॉल पेंटिंग्स बनवा रही है। इसी तरह की वॉल पेंटिंग्स शिमला के रोहड़ू तहसील में भाजपा की ओर से बनवाई गई थी जिस पर शरारती तत्वों की ओर से कालिख पोत दी गई है। रोहड़ू बस अड्डे के नजदीक शरारती तत्वों ने इन वॉल पेंटिंग्स को खराब करने की कोशिश की है। इसे लेकर भाजपा रोहड़ू मंडल के अध्यक्ष बलदेव रांटा ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवा दी है।
भाजपा रोहड़ू मंडल के अध्यक्ष बलदेव रांटा ने कहा कि रविवार शाम उन्हें इस बात की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर आरोपियों की धरपकड़ की कोशिश कर रही है।
