सचिन शर्मा, लाहौल स्पीति: प्रदेश विधानसभा चुनावों में मतदाताओं की शतप्रतिशत भागेदारी हो ओर सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें इसके लिए विश्व के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र टाशीगंग में भी मतदाताओं को मतदान के महत्व के बारे जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन भी विश्व के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र में करवाया गया।
सोमवार को लाहौल स्पीति विधानसभा के स्पीति खंड में चुनाव आयोग के प्रेक्षक डॉ. सरोज कुमार ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। पिन घाटी में सग्नम मतदान केंद्र, रंगरिक क्यूलिंग, हल, चिचम के साथ ही वह विश्व के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र टाशीगंग भी पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने मतदान केंद्रों में तैयारियों को लेकर जायजा लिया।
वहीं विश्व के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र टाशीगंग में तैयारियों का जायज़ा लेने के साथ ही यहां मतदाताओं को जागरूक करने के लिए भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। यहां पारंपरिक वेशभूषा में स्थानीय महिलाओं ने चुनाव आयोग के प्रेक्षक डॉ. सरोज कुमार का स्वागत किया। इसके बाद स्कूली छात्राओं की ओर से मतदाताओं को जागरूक करने वाला लोक गीत पेश किया गया।
सहायक निर्वाचन अधिकारी गुंजीत सिंह चीमा ने कहा कि प्रेक्षक ने स्पीति खंड के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया । साथ ही साथ विश्व के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र पर प्रेक्षक पहुंचे उनका मार्गदर्शन हमें मिला और पहली बार स्पीति का लोक गीत जोकि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए बनाया गया है उसे यहां प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि मैं स्कूली बच्चों का विशेष आभारी हूं जिन्होंने अपनी मधुर आवाज इस लोक गीत को दी है। इस मौके पर तहसीलदार राजेश नेगी, खंड विकास अधिकारी पीएल नेगी, निर्वाचन विभाग से अनीता सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे ।
