सोलन/योगेश शर्मा: भाजपा के रोड शो के बाद सोमवार को सोलन शहर के मॉल रोड पर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने सदर सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार कर्नल धनीराम शांडिल के पक्ष में शक्ति प्रदर्शन किया। ढोल-नगाड़ों के साथ रैली निकालते हुए सोलन शहर के मॉल रोड़ पर कांग्रेस जिंदाबाद के नारों के साथ युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली।
इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कुशल जेठी ने कहा कि आज युवा कांग्रेस के पक्ष में रैली निकालने के लिए आए हैं और युवा जानते हैं कि प्रदेश में कांग्रेस ही रोजगार युवाओ को दिलवा सकती है। कुशल जेठी ने कहा कि अभी तो सिर्फ युवा ही सड़को पर आए है। अब सड़कों पर धीरे-धीरे किसान, बागवान और महिलाएं भी कांग्रेस के पक्ष में रैली निकालकर लोगों को जागरूक करेंगे।
बता दें कि रविवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोलन सीट से भाजपा के प्रत्याशी राजेश कश्यप के लिए रोड शो किया था । उसी तर्ज पर आज कांग्रेस के नेताओं ने युवाओं के साथ मिलकर एक शक्ति प्रदर्शन किया।
