नालागढ़ (जगत सिंह): नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस नालागढ़ द्वारा पंजेहरा में एक परिवर्तन रैली का आयोजन किया गया। परिवर्तन रैली कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में की गई। परिवर्तन रैली में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री व अन्य दिग्गज नेता उपस्थित रहे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जयराम सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में पुलिस भर्ती का पेपर लीक नहीं हुआ था, लेकिन जयराम सरकार के पुलिस के उच्च अधिकारियों की देखरेख में पेपर को महंगे दामों पर बेचा गया।
प्रतिभा सिंह ने आरोप लगाया कि इसमें डीजीआई और सभी पुलिस के उच्च अधिकारी शामिल है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार सीबीआई को केस देने के बड़े-बड़े दावे करती रही लेकिन किसी ने भी केस सीबीआई तक नहीं पहुंचने दिया था कि सरकार के अपने ही अधिकारी इस केस में फंस रहे थे। उन्होंने कहा कि जब से मोदी सरकार और प्रदेश में जयराम सरकार बनी है तब से लेकर लगातार महंगाई बढ़ती जा रही है। हर चीज आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो 300 यूनिट बिजली फ्री की जाएगी ,15 सौ रुपए महिलाओं को हर महीने दिया जाएगा और बच्चों की शिक्षा व स्वास्थ्य के लिए भी अलग-अलग परियोजनाएं शुरू की जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जयराम सरकार को जो काम पहले महीने में करना चाहिए था, वह अब लास्ट के महीने यानी 59 में महीने में घोषणा कर रहे हैं। जबकि सरकार के पास अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने बद्दी को बड़ी-बड़ी परियोजनाएं देने की घोषणाए की। कुछ नहीं कर के गए लेकिन सभी को पता है कि इन लास्ट के महीनों में कुछ नहीं मिलेगा , केवल लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब ऊना वालों को बेवकूफ इस ढंग से बनाया जा रहा है कि उनको 50 हजार करोड का बल्ब ड्रग पार्क दे दिया गया है।
जयराम सरकार को कोई भी ताकत नहीं बचा सकती
नेता प्रतिपक्ष अग्निहोत्री ने कहा कि बल्ब ड्रग पार्क पहले महीने में देना चाहिए था। लास्ट के महीने में कोई ड्रग पार्क नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि जयराम अपने घर की हवाई पट्टी तो बना नहीं पाए और लोगों को वह क्या दे सकते हैं। उन्होनें कहा कि नौकरियों में हेराफेरी की गई है और जिस प्रदेश में नौकरियां बेची गई हो,डिग्रियां बेची गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खनन माफिया, शराब माफिया, ड्रग माफिया, वन माफिया बेखौफ तरीके से चल रहा है। प्रदेश में 16 सौ से ज्यादा इन 5 सालों में रेप व 500 कत्ल हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब जयराम सरकार को कोई भी ताकत नहीं बचा सकती। चाहे वह दिल्ली से पीएम नरेंद्र मोदी को बुलाएं, अमित शाह को या फिर अन्य किसी बड़े नेता को।
जयराम सरकार का जहाज डूब रहा
उन्होंने कहा कि जयराम सरकार का जहाज डूब रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जयराम का तो जहाज डूबने वाला है और अब कांग्रेस की गाड़ी तैयार खड़ी है और उसमें सवार हो जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग कांग्रेस छोड़कर दूसरी जगह जा रहे हैं, ना तो वह इधर के रह रहे हैं और ना वह उधर के रह रहे हैं।उन्होंने जयराम पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ दिन के बाद जयराम अकेले बैठ जाएंगे और फिर बैठकर याद करेंगे और गाएंगे कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जैसे ही सरकार जाएगी तो कर्ज भी 85 हज़ार करोड हो जाएगा।
सीएम चेहरा भी कांग्रेसी होगा
सीएम चेहरे पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार बननी चाहिए तो सीएम चेहरा भी कांग्रेसी होगा।
