अनिल कुमार, किन्नौर: रिकांगपिओ में आयोजित किए जा रहे चार दिवसीय राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव के दूसरे दिन किन्नौर के स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दे कर कार्यक्रम ने रंग जमाया। दूसरे दिन के कार्यक्रम की शुरूआत होम-गार्ड बैंड की मधुर धुनों के साथ की गई। इस दौरान किन्नौर लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें नागिन युवा कल्ब पानवी ने प्रथम स्थान ओर महिला मंडल रिब्बा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दी जिसमें पाईनवुड पब्लिक स्कूल रिकांगपिओ, एस.डी पब्लिक स्कूल रिकांगपिओ, हिमालयन पब्लिक स्कूल रिकांगपिओ व डी.ए.वी पब्लिक स्कूल रिकांगपिओ शामिल रहे।
इससे पहले उपायुक्त किन्नौर एवं अध्यक्ष आबिद हुसैन सादिक ने राज्य स्तरीय वरिष्ठ महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जिसमें प्रदेश के विभिन्न स्थानों से 10 महिला मुक्केबाज प्रतिभागी प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। आयोजित प्रतियोगिता का पहला मुकाबला जिला शिमला की अनीता ओर जिला कांगड़ा की रितु के बीच खेला गया। उपायुक्त ने सभी महिला खिलाड़ियों को उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी ओर राष्ट्रीय एकता दिवस व देश के पहले गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष पर देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने की शपथ दिलवाई।
