अनिल कुमार,किन्नौर: जिला किन्नौर के कल्पा उपमंडल की अलग-अलग ग्राम पंचायतों में लोगों को नुक्कड़ नाटक ओर गीत संगीत के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के नैमेतिक कलाकारों की ओर से 9 सितंबर से 18 सितंबर तक गत साढ़े चार वर्षों के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से आरंभ की गई विभिन्न जन कल्याणकारी नीतियों, योजनाओं व कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
कलाकार किन्नर कैलाश कला मंच रिब्बा के कलाकारों की ओर से कल्पा विकास खंड में किल्बा, सापनी, ब्रुआ, शौंग, चांसू व कामरू ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक व गीत-संगीत के माध्यम से लोगों को प्रदेश सरकार की ओर से आरंभ की गई उज्जवला योजना, मुख्यमंत्री गृहणी सुविधा योजना, हिम-केयर योजना, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना सहित मुख्यमंत्री सहारा योजना पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से जागरूक किया गया।
इस अवसर पर कलाकारों की ओर से कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए जारी किए गए प्रोटोकाॅल का सही प्रकार से पालन सुनिश्चित बनाने के लिए भी उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान व उपप्रधान सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।
