राहुल चावला, धर्मशाला: देश को आजादी दिलाने में बोस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ब्रिटिश हुकूमत से देश को आजाद कराने के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। आज उनकी 125वीं जयंती पर आईएनए ट्रस्ट दिल्ली की ओर से एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। जिसके तहत देश भर में दो वाहनों को घुमाया जा रहा है। देश के युवा, आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेता जी सुभाष चंद्र बोस के बारे में अधिक से अधिक जान पाए उन्हें समझ पाएं इसके लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है।

एक वाहन जहां मुंबई और कोलकाता में घूम रहा है, वहीं दूसरे वाहन ने अपने अभियान का आगाज लेह से किया। इस वाहन के माध्यम से आईएनए ट्रस्ट के प्रतिनिधि 6 माह तक देश भर के विभिन्न राज्यों का भ्रमण कर युवाओं को नेता जी सुभाष चंद्र बोस के जीवन और उनके बलिदान बारे जानकारी देंगे। अभियान में प्रयुक्त वाहन में नेता जी जैसे दिखने वाले बुत बनाए गए हैं, जो कि रोबोट की तरह जिस तरह नेता जी कदमताल करते थे, वैसे कदमताल करते हुए नजर आ रहे हैं। आईएनए ट्रस्ट के प्रतिनिधि अजय तौमर ने बताया कि नेता जी की 125वीं जयंति के उपलक्ष्य पर ट्रस्ट की ओर से विशेष अभियान शुरू किया गया है। जिसका उद्देश्य युवाओं को नेता जी सुभाष चंद्र बोस के जीवन और बलिदान की जानकारी उपलब्ध करवाया है।
अजय तौमर ने बताया कि अभियान के तहत एक वाहन ने अपनी शुरूआत लेह से की है, जो कि कारगिल, श्रीनगर, कुपवाड़ा, पहलगाम, जम्मू, उधमपुर, पठानकोट, चंबा होते हुए रविवार को धर्मशाला पहुंचा है। धर्मशाला से यह वाहन हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर जाएगा। इसके बाद देहरादूर, उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा का दौरा किया जाएगा। इस वाहन के माध्यम से युवाओं को नेता जी सुभाष चंद्र बोस के जीवन से अवगत करवाया जा रहा है ओर देश के लिए उनके बलिदानों से रुबरु करवाया जा रहा है। धर्मशाला पहुंचे वाहन को देखने के लिए कचहरी अड्डा में खासी भीड़ उमड़ी रही। विशेषकर वाहन के अंदर रखे गए बुत जो कि नेता जी की तरह कदमताल कर रहे थे, लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
