Dharamshala, 30 April (TSN)-धर्मशाला में पहली बार मीडिया से मुखातिब हुए वूल फेडरेशन के चेयरमैन मनोज ठाकुर ने कहा कि उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए वे मुख्यमंत्री के आभारी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे भेड़ पालकों और गद्दी समुदाय की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास करेंगे। मनोज ठाकुर ने कहा कि ऊन उद्योग को नई पहचान दिलाई जाएगी और इसके व्यापार को मजबूती दी जाएगी।
वूल फेडरेशन को बनाएंगे मजबूत—मनोज ठाकुर
मनोज ठाकुर ने कहा कि ऊन उद्योग सीधे तौर पर भेड़ पालकों से जुड़ा हुआ है और इस क्षेत्र में कई वर्षों से समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने चिंता जताई कि आज कई भेड़ पालक पारंपरिक व्यवसाय छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि गद्दी समुदाय का व्यवसाय उनकी संस्कृति से गहराई से जुड़ा है और सरकार इसे संरक्षित रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।उन्होंने कहा कि ऊन की कीमतें वर्षों से नहीं बढ़ी हैं, जिसे लेकर विशेष नीति बनाई जाएगी। इसके साथ ही भेड़-बकरियों की चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए प्रशासन से बातचीत कर पुलिस की निगरानी बढ़ाने की मांग की गई है। मनोज ठाकुर ने कहा कि भेड़ पालकों की सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण उनकी प्राथमिकता रहेगी।
