Shimla, Sanju (TSN)-शिमला में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह ढली टनल के पास स्कूल जा रहे तीन बच्चों पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच की है, जब बच्चे स्कूल के लिए निकले थे।
कुत्तों के हमले में बच्चों की टांगों पर गहरे घाव आए हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बच्चों के अभिभावकों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।घायल छात्र के पिता, कर्मचंद भाटिया, नगर निगम की लापरवाही से आहत होकर मेयर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि यह पहली बार नहीं है—हर दिन कहीं न कहीं बच्चे कुत्तों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन नगर निगम कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा।
वहीं मेयर सुरेंद्र चौहान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मामला गंभीर है और इसे आज नगर निगम की हाउस मीटिंग में उठाया जाएगा।उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
