Hamirpur, Arvind- :जिले में बाल श्रम की रोकथाम और बाल श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक उपायुक्त अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बाल मजदूरी के मामलों पर कड़ी नजर रखें और किसी भी प्रकार की शिकायत या मामला सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू किए गए बच्चों को तुरंत जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।उपायुक्त ने कहा कि जिले के ढाबों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, निर्माण स्थलों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से निरीक्षण करें। यदि कहीं भीख मांगने या मजदूरी में बच्चों की संलिप्तता पाई जाती है तो सख्त कदम उठाए जाएं।उन्होंने कहा कि श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला बाल कल्याण समिति, चाइल्ड लाइन और शिक्षा विभाग—सभी को मिलकर समन्वय के साथ कार्य करना होगा। अगर कोई बच्चा स्कूल छोड़कर मजदूरी कर रहा है, तो ऐसे मामलों को तुरंत संज्ञान में लाया जाए और आवश्यक कदम उठाए जाएं।बैठक में बाल श्रम से संबंधित अन्य मुद्दों और उनकी रोकथाम के लिए रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
